
पाटन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नौकरी के नाम पर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
दुर्ग, 17 जुलाई 2025:
पाटन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नौकरी के नाम पर ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र और चरित्र सत्यापन दस्तावेज बनाकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी की थी।
फर्जी नियुक्ति पत्र के जरिए ठगी
पाटन थाना पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, आरोपी गीतांजली टंडन ने ग्राम सिपकोना के निवासी एमन बंजारे से 2 लाख रुपये और अन्य ग्रामीणों से नौकरी के नाम पर मोटी रकम वसूली। उसने राजस्व विभाग में सहायक ग्रेड 3 और चपरासी के पदों के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र और चरित्र सत्यापन दस्तावेज बनाकर ग्रामीणों को धोखा दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायतकर्ता की रिपोर्ट के आधार पर पाटन थाना में 14 जुलाई 2025 को अपराध क्रमांक 134/2025 के तहत धारा 420 (ठगी) के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान फर्जी नियुक्ति पत्र और चरित्र सत्यापन दस्तावेज सामने आने पर धारा 467, 468, और 471 (जालसाजी और फर्जी दस्तावेज) जोड़ी गईं।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
घटना के बाद से फरार चल रही आरोपी गीतांजली टंडन, पिता लक्ष्मण, निवासी धमना, थाना जामगांव आर, जिला दुर्ग, को 17 जुलाई 2025 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई और उसी दिन उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



