
पश्चिम बंगाल में अवैध रेत तस्करी पर ED की बड़ी कार्रवाई, 22 ठिकानों पर छापेमारी
कोलकाता (West Bengal ED Raid): पश्चिम बंगाल में अवैध रेत तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। सुबह 6 बजे से ही 22 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई। इस दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती की गई और सुरक्षा के बीच ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है।

रेत तस्करी से जुड़ा मामला
ED की यह छापेमारी खासकर झाड़ग्राम जिले और कोलकाता के बेहाला इलाके पर केंद्रित है। झाड़ग्राम के गोपीबल्लभपुर में एक स्थानीय बिजनेसमैन शेख जहीरुल अली के घर पर छापेमारी की जा रही है। बताया जाता है कि उनका घर तीन मंजिला है और सुभर्णरेखा नदी के किनारे स्थित है, जहां लंबे समय से अवैध रेत खनन की गतिविधियां चल रही हैं।
इसके अलावा, बेहाला के जेम्स लॉन्ग सरानी स्थित एक कंपनी के कार्यालय पर भी ईडी टीम पहुंची है। यह कंपनी कथित तौर पर रेत तस्करी के कारोबार से जुड़ी हुई है। इसका एक और दफ्तर साल्ट लेक सेक्टर-5 में भी संचालित बताया जा रहा है।
काले धन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच
ED इस छापेमारी में अवैध रेत खनन से अर्जित पैसों के मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को ट्रैक कर रही है। एजेंसी को पहले से इस मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। माना जा रहा है कि अवैध खनन से भारी मात्रा में काले धन का सृजन हुआ, जिसे कंपनियों और नेटवर्क के जरिए सफेद करने की कोशिश की गई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी नवंबर 2024 में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में निचले स्तर के पुलिस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और रेत, कोयला, पत्थरों और सीमेंट की तस्करी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।

जांच का उद्देश्य
यह पूरी कार्रवाई उस लंबी जांच का हिस्सा है, जिसके जरिए ईडी अवैध रेत खनन और इसके साथ जुड़े राजनीतिक-प्रशासनिक नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहती है। फिलहाल, एजेंसी दस्तावेज, बैंक खातों और लेन-देन से जुड़ी जानकारियां खंगाल रही है। छापेमारी के दौरान बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



