March 7, 2026
Durg : पारिवारिक तनाव से परेशान नगर निगम कर्मचारी ने की आत्महत्या की कोशिश

Durg : पारिवारिक तनाव से परेशान नगर निगम कर्मचारी ने की आत्महत्या की कोशिश

Feb 4, 2026

मंगलवार शाम भिलाई नगर निगम में पदस्थ एक सफाई कर्मचारी ने पारिवारिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या करने की कोशिश की। युवक दुर्ग के धमधा नाका ओवरब्रिज पर काफी देर तक भटकता रहा और अचानक पुल से नीचे रेल पटरी पर कूद गया। करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के बावजूद उसकी जान बच गई, लेकिन पैर गंभीर रूप से टूट गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने बचाई जान

ओवरब्रिज के नीचे गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में युवक को देखकर लोगों ने उससे आत्महत्या की वजह पूछी, जिस पर वह फूट-फूटकर रोने लगा। सूचना मिलने पर जीआरपी दुर्ग मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।


मानसिक प्रताड़ना का आरोप, घर वालों से था परेशान

घायल युवक की पहचान भानुप्रताप देशमुख (30 वर्ष) पिता कमलेश देशमुख, निवासी जेवर सिरसा, वार्ड क्रमांक-13 भिलाई के रूप में हुई है। वह भिलाई नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। भानुप्रताप ने बताया कि उसके घरवाले उसे बार-बार “मेंटल” कहकर चिढ़ाते थे और जान से मारने की धमकी भी देते थे। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर वह आत्महत्या करने पहुंचा था।

मामा के लड़कों पर धमकाने का आरोप

भानुप्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि उसके मामा के लड़के उसे लगातार परेशान करते थे। वे उस पर अवैध रूप से गन रखने का आरोप लगाते थे, जबकि उसके पास केवल चिड़िया भगाने के लिए इस्तेमाल होने वाला साधारण उपकरण था।
उसने बताया कि उसे गुंडे भेजकर पिटवाने की धमकी भी दी जा रही थी, जिससे वह पूरी तरह टूट गया था।


पत्नी ने आरोपों से किया इनकार

मामले में घायल की पत्नी ने आरोपों से इनकार किया है। उसने बताया कि पति अचानक घर से निकल गए थे। बाद में उन्हें घटना की जानकारी मिली। पत्नी का कहना है कि घर में किसी तरह का विवाद या समस्या नहीं थी और कोई उन्हें प्रताड़ित नहीं करता था।
हालांकि घटना के काफी समय बाद तक पत्नी अस्पताल नहीं पहुंची थी।


जीआरपी दुर्ग कर रही जांच

यह मामला जीआरपी दुर्ग थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix