धान घोटाले से हड़कंप! संग्रहण केंद्र से 17 करोड़ का 53 हजार क्विंटल धान गायब, प्रभारी निलंबित
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बेमेतरा जिले के सरदा लेंजवारा धान संग्रहण केंद्र से करीब 17 करोड़ रुपए का 53 हजार क्विंटल धान गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांच में भारी अनियमितता उजागर होने के बाद संग्रहण केंद्र प्रभारी नीतीश पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
भौतिक सत्यापन में खुला बड़ा राज
दरअसल, बीते खरीफ सीजन में विभिन्न सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से इस केंद्र में करीब 65 हजार क्विंटल धान संग्रहित किया गया था। लेकिन जब संयुक्त जांच टीम ने मौके पर भौतिक सत्यापन किया, तो चौंकाने वाला सच सामने आया।

रिकॉर्ड में जहां 65,287 क्विंटल धान दर्ज था, वहीं गोदाम में सिर्फ 11,648 क्विंटल धान ही पाया गया। यानी 53,639 क्विंटल धान गायब, जिसकी बाजार कीमत लगभग 17 करोड़ रुपए आंकी गई है।
संयुक्त टीम ने की जांच
इस पूरे मामले की जांच खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग और मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम ने की। जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को सौंप दी गई है, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई के संकेत दे दिए हैं।
क्या बोले खाद्य अधिकारी
खाद्य अधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में धान कम पाया गया है। यह गंभीर लापरवाही और संभावित घोटाले की ओर इशारा करता है। मामले में आगे वसूली और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



