
कलेक्टर की दबिश से हड़कंप: धान खरीदी केंद्र में भारी अनियमितता, निलंबन और FIR के निर्देश
पिथौरा। छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी के बीच बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह के औचक निरीक्षण में प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच (विकासखंड पिथौरा) में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पुराने रबी फसल के धान की खपत, घटिया धान की खरीदी और तौल में गड़बड़ी पाए जाने के बाद कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया।
क्या-क्या गड़बड़ियां मिलीं?
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि—
- पुराने रबी सीजन का धान खपाया गया।
- गुणवत्ताहीन धान की खरीदी की गई।
- तौल प्रक्रिया में हेराफेरी की गई।
इन अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने और पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर का सख्त संदेश
कलेक्टर विनय लंगेह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और अन्य केंद्रों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।
अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी अजय यादव और जिला विपणन अधिकारी आशुतोष कोसरिया मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों में निरंतर निगरानी और शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



