
कार में उड़ रहा था चिट्टा का धुआं, पुलिस ने 10.7 मिलीग्राम सिंथेटिक हिरोइन के साथ 5 आरोपी दबोचे
भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सिंथेटिक ड्रग (चिट्टा/हिरोइन) का सेवन और सप्लाई कर रहे 5 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.7 मिलीग्राम चिट्टा, एक हुंडई वरना कार और 6 मोबाइल फोन सहित कुल 9 लाख 87 हजार 800 रुपये का सामान जब्त किया है।

खंडहरनुमा मैदान में चल रहा था नशे का खेल
दिनांक 26 दिसंबर 2025 को पुरानी भिलाई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिरसा भाठा, मेहंदी बाड़ी के पास खाली मैदान में सफेद रंग की हुंडई वरना कार (CG 05 LW 6628) में कुछ संदिग्ध लोग चिट्टा का नशा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
कार के अंदर धुएं के बीच नशा करते पकड़े गए आरोपी
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कार के अंदर धुआं भरा हुआ था। आरोपी एल्युमिनियम फॉयल में रखकर लाईटर से चिट्टा का सेवन कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम रवेल सिंह उर्फ जॉनी (कैलाश नगर जामुल), कार चालक दिशान्त (निवासी गनियारी), रोहित गुप्ता (संगम चौक खुर्सीपार) और ओमकार सिंह उर्फ गोली सिंह (सुभाष मार्केट खुर्सीपार) बताया। उनके साथ दो नाबालिग भी मौजूद थे।
अलग-अलग आरोपियों से अलग मात्रा में चिट्टा बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान
- रवेल सिंह से 6.50 मिलीग्राम चिट्टा और 27,500 रुपये नकद
- दिशान्त से 2.10 मिलीग्राम चिट्टा, हुंडई वरना कार
- रोहित गुप्ता से 0.58 मिलीग्राम चिट्टा
- ओमकार सिंह से 0.51 मिलीग्राम चिट्टा
- दो नाबालिगों से 0.53 और 0.48 मिलीग्राम चिट्टा
- साथ ही एल्युमिनियम फॉयल, लाईटर और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 517/2025 के तहत धारा 21(क), 21(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तारी की है। नाबालिगों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है। पुलिस अब चिट्टा की सप्लाई चेन, स्रोत और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही नाबालिगों को नशा बेचने के मामले में संगठित अपराध की धाराओं पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



