
ओसरा बस हादसा: एक और युवक की मौत, मृतकों की संख्या 11 हुई
छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा के ओसरा घाट पर हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे में एक और युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में अब तक कुल 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग अब भी अस्पतालों में भर्ती हैं।

रायपुर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल बुद्धडीह निवासी सूरज सोनवानी (34), पिता मेघन सोनवानी, की सोमवार को रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूरज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बस में सवार था। हादसे में उसकी पत्नी और बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
77 घायल, 19 की हालत गंभीर
इस बस हादसे में कुल 77 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 19 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों में आयुष (10), फागू राम (60), मुकेश (28), श्रवण सोनवानी (38) शामिल हैं, जिनका इलाज डीकेएस अस्पताल में चल रहा है। वहीं, घायल फुलासो नगेशिया को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 10 से अधिक घायलों का इलाज अंबिकापुर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी को बलरामपुर जिले से झारखंड के सगाई समारोह में जा रहे ग्रामीणों से भरी स्कूल बस ओसरा घाट पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही कई यात्रियों की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्षमता से अधिक सवारियां, स्कूल बस का हुआ इस्तेमाल
हादसे का शिकार हुई बस का नंबर CG 15 AB 0564 है। यह महिंद्रा टूरिस्टर 5400 मॉडल की बस है, जिसकी क्षमता मात्र 36 सीट है, लेकिन इसमें करीब 86 ग्रामीण सवार थे। यह बस वर्ष 2014 में निर्मित है और ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल के नाम पर रजिस्टर्ड है।
स्कूल संचालक का बेटा चला रहा था बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस को स्कूल संचालक का बेटा विकास पाठक चला रहा था। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन और बस संचालन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के लिए बनाई गई कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा ने बलरामपुर एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की है। हालांकि, जांच की वर्तमान स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



