
ऑपरेशन निश्चय: गांजा तस्करी पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
02 अंतर्राज्यीय तस्कर 11 किलो से अधिक गांजा के साथ गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पुरानी बस्ती क्षेत्रांतर्गत राधा स्वामी नगर बस स्टैंड रोड पर सांई मंदिर के पास दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के भोपाल के निवासी हैं और उनके कब्जे से कुल 11 किलो 756 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1,17,000 रुपये है, जप्त किया गया है।

संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
कैसे पकड़े गए तस्कर
दिनांक 08.10.2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि राधा स्वामी नगर बस स्टैंड रोड पर सांई मंदिर के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने उक्त स्थान पर दबिश दी। वहां मौजूद दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके बैग से अलग-अलग पैकेटों में 11 किलो 756 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संतोष विश्वकर्मा और ताराचंद लोधी, दोनों भोपाल (मध्य प्रदेश) के निवासी, बताए।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 397/25, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। जप्त किए गए गांजा की कीमत लगभग 1,17,000 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- संतोष विश्वकर्मा, पिता डालचंद विश्वकर्मा, उम्र 19 वर्ष, निवासी अयोध्या नगर अस्पताल केसर (झुग्गी), थाना अयोध्या नगर, जिला भोपाल (मध्य प्रदेश)।
- ताराचंद लोधी, पिता फुंदी लाल लोधी, उम्र 58 वर्ष, निवासी अयोध्या नगर अस्पताल केसर (झुग्गी), थाना अयोध्या नगर, जिला भोपाल (मध्य प्रदेश)।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक शील आदित्य सिंह (थाना प्रभारी, पुरानी बस्ती), एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, प्रधान आरक्षक गुरुदयाल सिंह, आरक्षक प्रशांत शुक्ला, हरजीत सिंह, अजय चौधरी, भूपेंद्र मिश्रा, और थाना पुरानी बस्ती से सउनि जीवन पारकर, आरक्षक जितेंद्र साहू, पवन पटेल और कमलेश मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



