
Raipur: ऑपरेशन साइबर शील्ड: साइबर अपराधियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर रेंज पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स के जरिए लोगों को ठगने और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल थे।
500 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने देश के विभिन्न राज्यों में 500 से अधिक लोगों को ठगा। इनके द्वारा संचालित फर्जी मैट्रिमोनियल साइट्स www.erishtaa.com, www.jeevanjodi.com, और www.royalrishtey.com के जरिए लोगों को शादी के नाम पर फर्जी प्रोफाइल दिखाकर ठगी की गई। इन साइट्स पर वर-वधू के फर्जी फोटो और जानकारी अपलोड कर लोगों से पैसे ऐंठे गए। जांच में पाया गया कि इनके म्यूल बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ।

चार आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में साक्ष्य बरामद
रायपुर रेंज पुलिस ने उड़ीसा, गुजरात, बिलासपुर, और रायपुर के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 50 मोबाइल फोन, 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, सिम कार्ड, और 60 म्यूल बैंक खातों की किट बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नलिखित है:
- गजसिंह सुना (32 वर्ष), सूरदा, सिंधईकेला, बलांगीर, उड़ीसा।
- भिखु सचदेव (32 वर्ष), भाटिया, कल्याणपुर, द्वारिका, गुजरात।साहिल कौशिक (23 वर्ष), काठाकोनी, तखतपुर, बिलासपुर।
- हर्षित शर्मा (18 वर्ष), अरविंद नगर, कटोरा तालाब, रायपुर।
चीनी नागरिकों का कनेक्शन, APK के जरिए म्यूल खातों का नियंत्रण
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस ठगी रैकेट का संचालन चीनी नागरिकों के साथ मिलकर किया जा रहा था। म्यूल बैंक खातों का नियंत्रण APK (एप्लिकेशन पैकेज) के माध्यम से किया जाता था, जिसके जरिए ठगी की रकम को मनी लॉन्ड्रिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता था। आरोपियों ने देश भर में फैले साइबर अपराधियों के नेटवर्क के साथ मिलकर यह गोरखधंधा चलाया। प्रत्येक लेन-देन के आधार पर कमीशन का बंटवारा होता था।
फर्जी कार्यालयों पर छापेमारी
पुलिस ने गोल चौक, डगनिया में जीवन जोड़ी और रॉयल रिश्ते के नाम से संचालित फर्जी कार्यालयों और कटोरा तालाब में ई-रिश्ता के नाम से चल रहे फर्जी कार्यालय पर छापेमारी की। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ में सामने आया कि ये कार्यालय केवल लोगों को ठगने के लिए बनाए गए थे।
साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतों के आधार पर कार्रवाई
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज म्यूल बैंक खातों की शिकायतों की गहन जांच की गई। इसके तहत थाना डी डी नगर में HDFC बैंक के 79 म्यूल खातों पर अपराध क्रमांक 424/25 और थाना आजाद चौक में साउथ इंडियन बैंक के 17 म्यूल खातों पर अपराध क्रमांक 283/25 दर्ज किए गए। इन प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
असामान्य लेन-देन वाले खातों पर नजर
पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा ने बताया कि बैंकों से उन म्यूल खातों की जानकारी लगातार ली जा रही है, जिनमें असामान्य या भारी मात्रा में लेन-देन हो रहे हैं। जांच में अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जो इस ठगी में शामिल हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा गया
गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि म्यूल बैंक खातों के धारकों, संवर्धकों, ब्रोकरों, और ठगी के लिए खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



