
Operation Cyber Shield: Mule Bank Account प्रकरण में तीन बैंक अधिकारी गिरफ्तार
रायपुर: साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट प्रकरण में बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में एक्सिस बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और रत्नाकर बैंक के एक-एक, कुल तीन बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन अधिकारियों पर बैंक के ड्यू डीलीजेंस और केवाईसी नॉर्म्स का पालन न करने तथा बैंक खाता खोलने के बदले ब्रोकरों से रकम प्राप्त करने का आरोप है।

साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज, श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर साइबर क्राइम पोर्टल में दर्ज म्यूल बैंक अकाउंट की शिकायतों की गहन जांच के लिए विशेष योजना तैयार की गई थी। इस योजना के तहत म्यूल अकाउंट खोलने और संचालित करने में शामिल खाता धारकों, संवर्धकों, उत्प्रेरकों, फर्जी सिम विक्रेताओं और संलिप्त बैंक अधिकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के लिए रेंज साइबर थाना को निर्देशित किया गया था।
निर्देशों के अनुपालन में, थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 229/25, सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 44/25, और गुढियारी में अपराध क्रमांक 17/25 दर्ज किए गए। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अपराध में संलिप्त खाता धारकों, संवर्धकों, उत्प्रेरकों, फर्जी सिम विक्रेताओं और बैंक अधिकारियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार बैंक अधिकारियों के नाम और विवरण
जांच के दौरान यह पाया गया कि तीन बैंक अधिकारियों ने बैंकिंग नियमों का उल्लंघन करते हुए म्यूल अकाउंट खोलने में सहायता की। ये अधिकारी निम्नलिखित हैं:
अभिनव सिंह, पिता नरेश सिंह, उम्र 32 वर्ष, पता: झण्डा चौक, सेक्टर 02, शिवानंद नगर, खमतराई, रायपुर (एक्सिस बैंक)
प्रवीण वर्मा, पिता लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, उम्र 37 वर्ष, पता: रोहिणीपुरम फेस 1, बोरसी, पदमनाभपुर, दुर्ग (इंडियन ओवरसीज बैंक)
प्रीतेश शुक्ला, पिता लालजी शुक्ला, उम्र 32 वर्ष, पता: शिवानंद नगर, गुढियारी, रायपुर (रत्नाकर बैंक लिमिटेड)
नियमों का उल्लंघन और रकम की लेनदेन
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से यह सामने आया कि उक्त बैंक अधिकारियों ने ड्यू डीलीजेंस और केवाईसी नॉर्म्स का पालन नहीं किया। इसके अतिरिक्त, इन्होंने बैंक खाता खोलने के बदले ब्रोकरों से अवैध रूप से रकम प्राप्त की। इस आधार पर इन तीनों अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया और सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



