
Raipur : ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता , साइबर ठग गिरफ्तार
रायपुर। रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत रायपुर रेंज साइबर थाना की टीम ने दो अंतरराज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बैंक मैनेजर और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में रेड कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा है।

फिक्स डिपॉजिट के नाम पर SBI बैंक मैनेजर से ठगी
पहला मामला रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी आशुतोष कुमार, जो भारतीय स्टेट बैंक की रामसागरपारा शाखा में मैनेजर हैं, को बड़ी राशि फिक्स डिपॉजिट कराने का झांसा देकर ठगा गया। आरोपी ने 17.82 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
इस मामले में आरोपी सरफराज अंसारी निवासी कुशीनगर, उत्तर प्रदेश का नाम सामने आया। वह घटना के बाद पुणे (महाराष्ट्र) में छिपा हुआ था।
पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के बहाने 16 लाख की ठगी
दूसरा मामला थाना मंदिरहसौद क्षेत्र का है। यहां प्रार्थी देवेश साहू से ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
आरोपी मयूर जोशी (निवासी उल्हासनगर, महाराष्ट्र) और उसके साथियों ने टेलीग्राम ऐप के ज़रिए झांसा दिया।
शुरुआत में उन्हें गूगल रिव्यू टास्क पूरा करने पर छोटी रकम दी जाती थी, जिससे भरोसा बना। बाद में बड़े निवेश करवा कर रकम वापस नहीं की गई।
तकनीकी विश्लेषण और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच के बाद आरोपी की पहचान कर मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की सक्रियता और तकनीकी टीम की भूमिका
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा ने साइबर अपराधों में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना टीम को विशेष निर्देश दिए थे।
उनके मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक विवरण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी
1.सरफराज अंसारी, पिता – फतेह आलम अंसारी, उम्र – 20 वर्ष, निवासी – बभनौली कुशीनगर, उत्तर प्रदेश
2.मयूर जोशी, पिता – जगदीश जोशी, उम्र – 29 वर्ष, निवासी – राधा कमीशन अपार्टमेंट, उल्हासनगर, महाराष्ट्र
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



