
ऑपरेशन साइबर शील्ड: म्यूल बैंक अकाउंट–फर्जी सिम रैकेट पर बड़ा वार, एक साथ रेड में 25 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर: रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर ठगी के नेटवर्क पर अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। म्यूल बैंक अकाउंट संवर्धक, फर्जी सिम कार्ड विक्रेता, ब्रोकर और साइबर ठगी के लिए खाते उपलब्ध कराने वालों के ठिकानों पर एक साथ रेड कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई। गिरफ्तार आरोपी रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और मध्यप्रदेश से पकड़े गए हैं।

1236 शिकायतें, 77.53 लाख की ठगी
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों के थानों में 1236 शिकायतें दर्ज हैं। इन मामलों में अब तक 77.53 लाख रुपए की ठगी की पुष्टि हुई है। वहीं आरोपियों के बैंक खातों में मौजूद करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी राशि को होल्ड कराया गया है।
साइबर पोर्टल से खुली परतें
साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट किए गए म्यूल बैंक अकाउंट की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी सिम कार्ड और कई बैंक खातों का इस्तेमाल कर
- शेयर ट्रेडिंग फर्जी ऐप
- क्रिप्टो करेंसी निवेश
- गूगल रिव्यू और टेलीग्राम टास्क
- बैंक KYC अपडेट
- ऑनलाइन गेमिंग
- गूगल सर्च टास्क
जैसे साइबर अपराधों को अंजाम दे रहे थे।

8 टीमों ने दी दबिश
रेंज साइबर थाना और रायपुर जिले के विभिन्न थानों की 8 अलग-अलग टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि कई आरोपी अपने बैंक खाते रेंट पर या 10 से 20 प्रतिशत कमीशन पर ठगों को उपलब्ध कराते थे। जांच में यह भी सामने आया कि जिन खातों का उपयोग ठगी में किया गया, उनमें कुल 174.5 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ है।
पीड़ितों को वापस मिल रहा पैसा
पिछले 11 महीनों में साइबर फ्रॉड के मामलों में फर्स्ट लेयर बैंक खातों से 7 करोड़ रुपए होल्ड कराए गए हैं। न्यायालय के आदेश से अब तक 4 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पीड़ितों को वापस कराई जा चुकी है।

और गिरफ्तारियां संभव
आरोपियों से पूछताछ में कई और नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



