
धान खरीदी में किसानों के साथ खुली लूट! खराब कांटे से प्रति क्विंटल 5 किलो तक का नुकसान, कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस की आंदोलन की चेतावनी
पखांजूर। धान खरीदी केंद्रों में किसानों के साथ बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि PV-84 धान उपार्जन केंद्र में खराब कांटे से धान की खरीदी की जा रही थी, जिसके कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। केंद्र में इसी खराब कांटे से 1152 क्विंटल धान खरीदा गया, जिससे किसानों के धान के वजन में 1 से 1.5 किलो प्रति बोरी और कुल मिलाकर 5 किलो प्रति क्विंटल तक का नुकसान हो रहा था। कई किसानों ने घर से धान तौलकर केंद्र पहुंचे तो वजन कम निकला। शिकायत के बाद भी प्रशासन की ओर से न जांच की गई और न ही कोई कार्रवाई, जिससे किसानों में गहरा आक्रोश है।
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ने लगाया आरोप
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजदीप हालदार ने आरोप लगाया कि खराब कांटे और सूखती के नाम पर बड़े स्तर पर घोटाला चल रहा है। किसानों का कहना है कि सूखती के नाम पर 2 किलो अतिरिक्त धान लिया जा रहा है, जबकि खराब कांटे से 3-4 किलो धान और कम तौला जा रहा है। इस तरह प्रति क्विंटल लगभग 10 किलो तक धान का नुकसान हो रहा है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में सूखती के नाम पर 50 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला सामने आ चुका है, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई है। अब खराब कांटे के नाम पर एक नया घोटाला जन्म ले चुका है ।कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
ऐसे हुआ खुलासा
30 नवंबर को किसान प्रलभ बड़ाई ने 40 किलो धान तौलकर केंद्र लाया। केंद्र के कांटे पर यह 38.500 किलो निकला। संदेह होने पर किसान ने अपना घर का तौल कांटा मंगवाया और धान को सबके सामने तौला, जिससे घोटाला उजागर हुआ और केंद्र में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद धान खरीदी रोकनी पड़ी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



