
ऑनलाइन ठगी का जाल: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की चपत
सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए ठगों ने बनाया नया शिकार, पुलिस जांच में जुटी
राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शातिर ठग अब फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेकर लोगों को शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दे रहे हैं। हाल ही में दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने करीब 38 लाख रुपये की ठगी की, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।
फेसबुक दोस्ती बनी ठगी का जाल
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निवासी और अमृत ट्रेडिंग के संचालक मोहिंदर पाल सिंह खुराना के साथ ठगी का पहला मामला सामने आया है। एक अज्ञात युवती ने फेसबुक पर उनसे संपर्क साधा और फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद व्हाट्सएप पर कॉल के जरिए युवती ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया।

खुराना को भरोसे में लेकर ठग युवती ने HDFC बैंक के एक खाते में करीब 28 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब खुराना ने अपने पैसे वापस मांगे, तो युवती ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, “आपके साथ ठगी हुई है,” और फिर संपर्क तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप ने उड़ाए 10 लाख
दूसरा मामला पंडरी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक निजी अस्पताल में बिजनेस डेवलपर के रूप में कार्यरत मनीष जैन ठगी का शिकार बने। शातिर ठगों ने उन्हें SBI सिक्योरिटीज नामक एक फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और शेयर मार्केट में निवेश के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में ठगों ने मनीष के खाते में 25 हजार रुपये का प्रॉफिट दिखाकर उनका भरोसा जीता। इसके बाद उनसे 10 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करवा ली गई। जब मनीष ने अपनी रकम वापस मांगी, तो उन्हें भी वही संदेश मिला, “आपके साथ ठगी हुई है।” इस मामले में भी पंडरी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस की कार्रवाई और सतर्कता की अपील
पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, और ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे अनजान लोगों पर भरोसा करने और शेयर ट्रेडिंग या ऑनलाइन निवेश के लुभावने ऑफर्स से सावधान रहें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



