
ऑनलाइन सट्टा संचालित करते 2 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नकदी जब्त
रायपुर। डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देशन में थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद समेत कुल लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
लालपुर ओवरब्रिज के नीचे चल रहा था सट्टा
पुलिस को 13 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

ऑनलाइन बैटिंग साइट के जरिए खेला जा रहा था सट्टा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर दो व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम विशाल धामेचा (28) और सौरभ पिंजवानी (30) निवासी रायपुर बताया।
मोबाइल फोन की जांच करने पर आरोपियों द्वारा “All Panel Exchange” नामक ऑनलाइन बैटिंग साइट के माध्यम से आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया।
1.70 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन तथा 10,000 रुपये नगद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 62/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
सट्टा खेलने वाले ग्राहकों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस को जांच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य ग्राहकों की भी जानकारी मिली है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



