
कार्यक्रम में अश्लील डांस, रोजगार सहायक ने लुटाए नोट
बैकुंठपुर (कोरिया) | छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक विचलित करने वाला मामला सामने आया है। सोनहत ब्लॉक के ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम (नाचा) उस वक्त अश्लीलता की भेंट चढ़ गया, जब मंच पर फूहड़ डांस शुरू हुआ। हद तो तब हो गई जब अनुशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले रोजगार सहायक खुद मर्यादा भूल गए और डांसर पर जमकर नोटों की बारिश करने लगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर परोसी गई अश्लीलता
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पोड़ी में एक नाचा मंडली बुलाई गई थी। शुरुआत तो सांस्कृतिक रही, लेकिन धीरे-धीरे कार्यक्रम अश्लील गानों और डांस में तब्दील हो गया। पोड़ी में पदस्थ रोजगार सहायक मंच के पास पहुंचकर डांसर पर नोट उड़ाते रहे। एक लोक सेवक का यह व्यवहार न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि पद की गरिमा के खिलाफ भी है। बताया जा रहा है कि रोजगार सहायक के साथ मौजूद अन्य लोग भी उसे डांसर की ओर धक्का देकर नाचने के लिए उकसा रहे थे। गरियाबंद और सूरजपुर के बाद अब कोरिया में इस तरह का मामला सामने आने से प्रशासन की सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं।

क्यों हो रहा है विरोध?
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब गांव के विकास और मजदूरों के हक की बात आती है, तो ये कर्मचारी फंड की कमी का रोना रोते हैं, लेकिन अश्लील कार्यक्रमों में लुटाने के लिए इनके पास नोटों की गड्डियां निकल आती हैं।
जांच की उठ रही मांग
ग्रामीणों ने कलेक्टर और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के अश्लील कार्यक्रमों को बढ़ावा देने वालों पर कार्रवाई हो।रोजगार सहायक के खिलाफ तत्काल विभागीय जांच बिठाई जाए।
👉हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



