
नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या: अज्ञात नंबरों से लगातार आ रहे थे कॉल, पुलिस जांच में खुलासा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई ।
हॉस्टल के कमरे में फंदे से झूलती मिली छात्रा
घटना मंगलवार की है। संदीपनी नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत छात्रा यामिनी कोसले अपने निजी हॉस्टल के कमरे में मृत पाई गई। सहपाठियों ने जब कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलते देखा, तो उन्होंने इसकी सूचना हॉस्टल संचालक को दी। बाद में दरवाजा तोड़ने पर छात्रा फंदे से झूलती मिली।
घटनास्थल से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

लगातार आ रहे थे अज्ञात नंबरों से कॉल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि यामिनी कोसले के मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से लगातार फोन कॉल आ रहे थे। पुलिस अब कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि इन कॉल्स के पीछे कौन था, यह पता लगाया जा सके।
ग्रामीण इलाके की रहने वाली थी छात्रा
मृतका यामिनी कोसले लोहर्सी गांव (पचपेड़ी) की रहने वाली थी। वह नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के लिए बिलासपुर आई थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी ।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, छात्रा को फोन करने वाले अज्ञात लोगों की पहचान और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



