
छत्तीसगढ़ मेडिकल PG में अब 50-50 फॉर्मूला, HC के फैसले के बाद राज्य सरकार ने जारी की नई अधिसूचना
रायपुर | छत्तीसगढ़ में मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएशन (Medical PG) में प्रवेश को लेकर चल रहा संशय अब खत्म हो गया है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट द्वारा ‘डोमिसाइल आरक्षण’ को रद्द किए जाने के बाद राज्य शासन ने नई प्रवेश नीति की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी है। अब राज्य में मेडिकल पीजी की सीटें संस्थागत (Institutional) और ओपन मेरिट के आधार पर 50-50 प्रतिशत के अनुपात में भरी जाएंगी।
क्या है हाई कोर्ट का नया आदेश?
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बीडी गुरु की डिवीजन बेंच ने स्पष्ट किया है कि डोमिसाइल (निवास) के बजाय अब सीटों का बंटवारा इस प्रकार होगा:
50% संस्थागत आरक्षण (Institutional Quota): ये सीटें उन अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी जिन्होंने छत्तीसगढ़ के सरकारी या निजी मेडिकल कॉलेजों (NMC मान्यता प्राप्त) से एमबीबीएस (MBBS) उत्तीर्ण किया है या जो सेवारत (In-service) अभ्यर्थी हैं।
50% ओपन मेरिट (Open Category): शेष 50 प्रतिशत सीटें पूरी तरह ओपन रहेंगी। इन सीटों पर राज्य स्तरीय मेरिट सूची के आधार पर सभी पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। इसमें कोई संस्थागत बंधन नहीं होगा।

डॉ. समृद्धि दुबे की याचिका पर आया फैसला
यह पूरा मामला डॉ. समृद्धि दुबे द्वारा दायर याचिका से जुड़ा है। राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के 20 नवंबर 2025 के आदेश पर स्पष्टीकरण मांगा था, जिसके बाद कोर्ट ने सीटों के वर्गीकरण को पूरी तरह साफ कर दिया है। शासन की नई अधिसूचना से अब काउंसलिंग प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।
छात्रों के लिए क्या बदल गया?
छत्तीसगढ़ से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को 50% सीटों पर प्राथमिकता मिलेगी (संस्थागत कोटे के तहत)। ओपन कैटेगरी की 50% सीटों पर मुकाबला अब सभी पात्र अभ्यर्थियों के बीच केवल मेरिट के आधार पर होगा अधिसूचना जारी होने से अब डोमिसाइल को लेकर चल रहे विवादों पर पूर्णविराम लग गया है।
काउंसलिंग की तैयारी तेज
शासन द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा विभाग (DME) ने पीजी सीटों के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया तेज कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि नए नियमों के आधार पर जल्द ही मेरिट सूची और चॉइस फिलिंग की तारीखें घोषित की जाएंगी।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇*
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



