
नोएडा में : कुत्ते को डांटने पर पड़ोसी ने काटी व्यक्ति की नाक, दो गिरफ्तार
18 जुलाई 2025
नोएडा, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कुत्ते को भौंकने के लिए डांटने पर पड़ोसी ने व्यक्ति पर हमला कर उसकी नाक काट दी। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 जुलाई को नोएडा के नट की मड़ैया गांव में हुई। पीड़ित देवेंद्र ने अपने पड़ोसी के भौंक रहे पालतू कुत्ते को डांटा था, जिसके बाद पड़ोस में रहने वाले सतीश, उनके भाई अमित और बेटे तुषार ने देवेंद्र और उनकी पत्नी मुन्नी देवी पर हमला कर दिया।
हमले में धारदार हथियार का इस्तेमाल
देवेंद्र के पिता सुखबीर सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर देवेंद्र और उनकी पत्नी की पिटाई की। इसके बाद किसी धारदार हथियार से हमला कर देवेंद्र की नाक काट दी गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का इलाज जारी
पुलिस ने बताया कि देवेंद्र को गंभीर हालत में अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी नाक में टांके लगाए गए हैं। उनकी स्थिति पर चिकित्सक नजर रखे हुए हैं।

पुलिस की कार्रवाई
बीटा-दो थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 115(2), 352 और 118(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



