
Raipur : NIT चौपाटी विवाद , जांच समिति गठन की मांग पर विपक्ष सक्रिय
रायपुर के एनआईटी चौपाटी को लेकर राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि चौपाटी की दुकानें आमानाका क्षेत्र में शिफ्ट कर दी गई हैं, लेकिन विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डिप्टी सीएम अरुण साव से मिलने पहुंचे और इस मुद्दे पर अपनी गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं।

कांग्रेस नेताओं ने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान 7 दिनों के भीतर जांच समिति गठित करने की मांग की। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने पहले चौपाटी को अनुमति दी और अब वही अधिकारी इसे अवैध घोषित कर तोड़फोड़ की कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है।

कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा में जांच समिति नहीं बनाई गई, तो वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। विपक्ष का कहना है कि यह मामला सिर्फ व्यापारियों की आजीविका से नहीं, बल्कि प्रशासनिक अनियमितताओं से भी जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


