
NH-49 पर तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर पुल से नीचे गिरी, तीन लोग सुरक्षित
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-49 पर सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक छोटे पुल में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि वाहन में सवार तीन लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
ओवरटेक के दौरान चालक ने खोया नियंत्रण
यह घटना रात करीब 11 बजे बोतल्दा गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों युवक बिलासपुर से कोतबा की ओर जा रहे थे। बोतल्दा के पास एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वाहन सीधे सड़क से नीचे पुल के पास जा गिरा।

स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। इसके बाद खरसिया पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई की।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



