
Durg : नेवई थाना क्षेत्र में 50 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
MCX कंपनी के नाम पर किया गया था निवेश घोटाला
दुर्ग। नेवई थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर की गई करीब 50 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी संतोष कुमार आचार्य (44 वर्ष), निवासी भानुपाली, जिला सम्बलपुर (ओडिशा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
03 से 07 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा देकर की गई ठगी
आवेदकों ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने स्वयं को MCX कंपनी से जुड़ा बताकर हर महीने 3 से 7 प्रतिशत तक लाभ देने का लालच दिया। इस झांसे में आकर लोगों से बड़ी राशि निवेश कराई गई। आरोपियों ने निवेश की पुष्टि के लिए फर्जी बॉन्ड पेपर भी जारी किए और इस तरह विभिन्न खातों में 49,50,000 रुपये जमा कराकर धोखाधड़ी की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 409, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया था।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी, अब दूसरा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में
प्रकरण में पूर्व में एक आरोपी प्रकाश चंद्र पाढ़ी को 25 सितंबर 2025 को सम्बलपुर से गिरफ्तार कर दुर्ग न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वह वर्तमान में केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध है। इसी प्रकरण में दूसरा आरोपी संतोष कुमार आचार्य ओडिशा के सम्बलपुर स्थित भानुपाली थाना क्षेत्र में अन्य अपराध (अप.क्र. 41/25) के तहत वहां की जेल में बंद था।
पुलिस को इसकी जानकारी मिलने पर माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को सर्किल जेल सम्बलपुर से दुर्ग लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



