
New Delhi:विमान के पहिये में छिपकर अफगानिस्तान से दिल्ली पहुंचा किशोर
आईजीआई एयरपोर्ट पर हैरान करने वाला मामला
नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अफगानिस्तान से एक 13 वर्षीय किशोर विमान के पहिये में छिपकर काबुल से दिल्ली पहुंच गया। किशोर को इमिग्रेशन विभाग ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर का इरादा ईरान जाने का था, लेकिन वह गलती से भारत आने वाली फ्लाइट में सवार हो गया। अब इमिग्रेशन विभाग उसे वापस काबुल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है।

कैसे हुई घटना?
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रविवार की है। रविवार सुबह करीब 10:20 बजे काबुल से काम एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या RQ 4401 दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरी। इस फ्लाइट ने सुबह 8:46 बजे काबुल से उड़ान भरी थी। यात्रियों के उतरने के बाद जब विमान टैक्सीवे पर खड़ा था, तभी वहां मौजूद कर्मचारियों ने एक किशोर को विमान के आसपास संदिग्ध हालत में देखा। कर्मचारियों ने तुरंत उससे पूछताछ शुरू की, जिसमें किशोर ने बताया कि वह अफगानिस्तान का रहने वाला है। इसके बाद कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और किशोर को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे इमिग्रेशन विभाग के हवाले कर दिया गया।
ईरान जाना चाहता था, पहुंच गया दिल्ली
पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसका इरादा ईरान जाने का था, लेकिन वह गलती से भारत आने वाली फ्लाइट में चढ़ गया। उसने बताया कि काबुल एयरपोर्ट पर वह यात्रियों की गाड़ी के पीछे-पीछे घुस गया और फिर विमान के व्हील वेल (पहिये के डिब्बे) में छिप गया। उड़ान भरने के बाद पहिये का दरवाजा बंद हो गया, और वह उसी में चिपका रहा।
अधिकारियों ने बताया कि किशोर 94 मिनट तक विमान के पहिये में छिपा रहा, जो बेहद खतरनाक और हैरान करने वाला है। 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन की मात्रा बेहद कम हो जाती है, और ऐसी स्थिति में किशोर की जान को भी खतरा हो सकता था। यह एक चमत्कार ही है कि वह सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



