
नेत्रहीन होकर भी हौसलों से रौशन कर रहीं जिंदगी: Raigarh की शिक्षिका संध्या पांडे की प्रेरणादायक कहानी
Chhattisgarh के रायगढ़ की रहने वाली नेत्रहीन शिक्षिका संध्या पांडे ने इसे सच साबित कर दिखाया है। आंखों से दुनिया को न देख पाने के बावजूद वे सरकारी स्कूल में बच्चों को शिक्षा की रोशनी बांट रही हैं और उन्हें बेहतर भविष्य की राह दिखा रही हैं।
वर्तमान में संध्या पांडे सरईभद्दर शासकीय माध्यमिक विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ हैं। उनकी कहानी संघर्ष, साहस और समर्पण की मिसाल है।

ऐसे खोई आंखों की रोशनी
संध्या पांडे 5 बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके पिता एल.पी. पांडे गणित के शिक्षक थे। साल 1999-2000 में एमएससी (गणित) की पढ़ाई के दौरान अचानक सिरदर्द और तेज बुखार की वजह से वे बीमार हो गईं। जांच के अभाव में हालत बिगड़ी और उनकी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई। इतना ही नहीं, वे करीब साढ़े सात महीने तक कोमा में भी रहीं।
आवाज लौटने के बाद भी संध्या गुमसुम और निराश रहने लगीं। ऐसे में माता-पिता ने उन्हें हौसला दिया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा से बदल दी दिशा
परिवार के प्रोत्साहन से संध्या ने ठाना कि जो शिक्षा उन्हें मिली है, उसे दूसरों तक पहुंचाना है। साल 2005 में उन्होंने शिक्षकों की भर्ती परीक्षा पास की और पहली पोस्टिंग कोड़ातराई के डुमरपाली मिडिल स्कूल में मिली। शुरुआती दिनों में मां शारदा पांडे उन्हें स्कूल ले जाती थीं और पढ़ाने में भी मदद करती थीं।
बाद में 2008 में उनका ट्रांसफर रायगढ़ के सरईभद्दर स्कूल में हुआ। यहां वे संस्कृत पढ़ाने लगीं। 2023 में उन्हें प्रमोशन मिला और वे हेडमास्टर बन गईं।

पढ़ाने का अलग तरीका
संध्या ब्रेल लिपि का इस्तेमाल नहीं करतीं। वे बच्चों को सुनाकर पढ़ाती हैं। छात्र पहले पाठ पढ़ते हैं, फिर संध्या उन्हें समझाती हैं। जहां बच्चे अटकते हैं, वहां वे कई बार दोहराकर समझाती हैं। लिखने की जरूरत होने पर उनकी मां शारदा मदद करती हैं।
सहयोगी भी करते हैं सम्मान
स्कूल की शिक्षिका गौरी पटेल बताती हैं कि संध्या को पढ़ाने में कभी परेशानी नहीं होती। वे लंबे समय से उनके साथ काम कर रही हैं और कहती हैं कि स्टाफ को कभी महसूस नहीं हुआ कि संध्या में कोई कमी है। उनकी मेहनत और समर्पण से स्कूल का हर काम सुचारू रूप से चलता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



