
नेहरू नगर में अतिक्रमण हटाने गई निगम टीम पर हमला
जोन आयुक्त पर घूस मांगने का आरोप, सुपेला थाने में शिकायत दर्ज
दुर्ग। नेहरू नगर क्षेत्र में सोमवार को नगर निगम भिलाई जोन-1 की टीम अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची, तभी कब्जाधारियों ने टीम पर हमला कर दिया। मौके पर हंगामा बढ़ता देख स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत पर कब्जाधारियों ने 5 हजार रुपए घूस लेने का गंभीर आरोप लगाया।
कब्जाधारियों का आरोप: “आपने 5 हजार रुपए घूस ली है”
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कब्जाधारी जोन आयुक्त पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। उनका दावा है कि बिना नोटिस जारी किए निगम टीम ने तोड़फोड़ की कार्रवाई की और इसी को लेकर विवाद बढ़ा।

जोन आयुक्त ने आरोप को बताया निराधार
जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत ने रिश्वत लेने के आरोप को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी, तभी कब्जाधारियों ने टीम पर हमला कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्होंने तत्काल घटना की सूचना दी।
सुपेला थाना में शिकायत दर्ज, गाड़ी में तोड़फोड़ भी की
घटना के बाद जोन आयुक्त ने सुपेला थाना पहुंचकर कब्जाधारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला और निगम की गाड़ी में तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



