
नेहरू नगर चौक की जाम समस्या पर यातायात पुलिस से नागरिकों की चर्चा
दुर्ग। नेहरू नगर चौक में लगातार लगने वाले जाम की समस्या को लेकर नेहरू नगर क्षेत्र के नागरिकों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की। नागरिकों ने बताया कि व्यस्त समय में चौक पर अत्यधिक जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ओवरब्रिज की डिजाइन पर आपत्ति
चर्चा के दौरान नागरिकों ने पूर्व में निर्मित नेहरू नगर ओवरब्रिज की डिजाइन को गलत बताया। उनका कहना था कि ओवरब्रिज का उपयोग कम हो रहा है, जबकि अधिकांश वाहन चालक चौक से होकर गुजरते हैं, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
दो सिग्नल बने जाम की वजह
नागरिकों ने बताया कि गुरुद्वारा तिराहा और नेहरू नगर चौक के बीच मात्र 300 मीटर की दूरी पर दो ट्रैफिक सिग्नल होना भी जाम का प्रमुख कारण है। इस कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है।
सिग्नल स्थान बदलने का सुझाव
समस्या के समाधान के लिए नागरिकों ने नेहरू नगर चौक के सिग्नल को बंद कर कोसानाला के पास नया सिग्नल स्थापित करने का सुझाव दिया। साथ ही बताया गया कि इस विषय में पूर्व में भी अन्य संबंधित विभागों से चर्चा की जा चुकी है।
यातायात पुलिस का पक्ष
गुरुद्वारा तिराहा की ओर बंद मार्ग को खोलने के सुझाव पर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूर्व में इस मार्ग के खुले रहने पर दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ गई थी और वह स्थान ब्लैक स्पॉट बन गया था, इसी कारण मार्ग को बंद किया गया।
समन्वय कर कार्रवाई का आश्वासन
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक परीक्षण और कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों के सुझावों पर चर्चा कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
चर्चा में ये रहे उपस्थित
इस दौरान एसोसिएशन की ओर से उपाध्यक्ष बसंत चौबे, महासचिव देविंदर सिंह भाटिया, सह-सचिव सतीश अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश सिंघल, यतींद्र पुरंग, आर.सी. सिंह एवं अरुण उपस्थित रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



