
नए GST सुधार पर भूपेश बघेल का हमला, बोले- BJP ने खुद माना जनता से की लूट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए जीएसटी रिफॉर्म को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने दावा किया कि इस सुधार से प्रत्येक परिवार को सालाना करीब 40 हजार रुपये का फायदा होगा, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दावे पर तीखा हमला बोला है।

“भाजपा ने खुद स्वीकार की जनता से लूट”
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा अब अनजाने में ही सही, लेकिन मान रही है कि इतने सालों से केंद्र सरकार जनता को लूटती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी लागू होने के बाद छोटे व्यापारी तबाह हो गए और बाजार में मंदी आ गई।
बघेल ने कहा, “राहुल गांधी ने इसे उसी समय ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार दिया था। अब भाजपा वही बातें मान रही है, लेकिन बड़ी देर से। नए रिफॉर्म से अगर फायदा होता है तो यह इस बात का अप्रत्यक्ष प्रमाण है कि पुराना जीएसटी ढांचा जनविरोधी था।”
पंजाब दौरे पर भी बोले बघेल
भूपेश बघेल ने अपने पंजाब दौरे को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि वहां 23 में से 17 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। कांग्रेस संगठन लगातार राहत-बचाव कार्यों में जुटा हुआ है और जहां तक संभव है, बाढ़ प्रभावितों की मदद की जा रही है।

छत्तीसगढ़ कैबिनेट गठन पर सवाल
भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए 14 मंत्रियों के गठन को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि भारत सरकार के नियमों के अनुसार 15 प्रतिशत की सीमा के तहत केवल 13.5 मंत्री बन सकते थे। ऐसे में 14 मंत्रियों की नियुक्ति नियमों का उल्लंघन है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



