
Raipur: नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या का खुलासा, एक बालक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर पुलिस ने हत्या के एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि के साथ संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना खमतराई क्षेत्र स्थित जीवन सुधार नशा मुक्ति केंद्र, गोंदवारा का है, जहां युवक की मारपीट और गला दबाने से मौत हो गई थी।
मारपीट से हुई थी राजन यादव की मौत
पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को थाना मौदहापारा से थाना खमतराई को मर्ग की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस टीम डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा), रायपुर पहुंची और मर्ग पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग क्रमांक 123/25 दर्ज किया गया। मामले की विवेचना के दौरान मृतक राजन यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट 16 दिसंबर 2025 को प्राप्त हुई, जिसमें डॉक्टर ने मृत्यु का कारण मारपीट एवं गला दबाना बताया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तेज हुई जांच
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मृतक के निवास स्थान जीवन सुधार नशा मुक्ति केंद्र, बसंत विहार कॉलोनी, गोंदवारा में संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
जांच के दौरान नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में 26 और 27 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि को तीन लोग मृतक राजन यादव के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान संस्था में कार्यरत कर्मचारी छगन उर्फ छवि साहू, नशा मुक्ति के लिए भर्ती आकाश यादव और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के रूप में की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर तीनों ने राजन यादव के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। मारपीट के दौरान राजन यादव बेहोश हो गया था, जिसके बाद 27 अक्टूबर 2025 को उसे इलाज के लिए मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां भर्ती होने के लगभग एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज, न्यायालय में पेश
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1243/25 धारा 103(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विधि के साथ संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जबकि दो आरोपियों को रायपुर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. छगन लाल उर्फ छवि साहू
पिता – स्व. कोमल लाल साहू, उम्र 36 वर्ष
निवासी – ग्राम तोरला, थाना गोबरा नयापारा, रायपुर
वर्तमान – जीवन सुधार नशा मुक्ति केंद्र, बसंत विहार कॉलोनी, गोंदवारा (संस्था में कार्यरत कर्मचारी)
2. आकाश यादव
पिता – राजू यादव, उम्र 25 वर्ष
निवासी – रामनगर कर्मा चौक, थाना गुढ़ियारी
वर्तमान – जीवन सुधार नशा मुक्ति केंद्र, गोंदवारा, रायपुर
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



