
नवागढ़ में सोलर लाइट घोटाला: तकनीकी सहायक बर्खास्त, सचिव निलंबित, सरपंच पर कार्रवाई के लिए पत्र
नवागढ़, 12 जुलाई 2025
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत अमोरा में बिना स्वीकृति सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के नाम पर अनियमितता बरतने के आरोप में तकनीकी सहायक को बर्खास्त और पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, सरपंच के खिलाफ कार्रवाई के लिए SDM को पत्र भेजा गया है।
12 लाख की सोलर लाइट बिना अनुमति
ग्राम पंचायत अमोरा में 20 सोलर लाइट्स की स्थापना के लिए 12 लाख रुपये की लागत से जांजगीर-चांपा की एक निजी फर्म को कार्य आदेश जारी किया गया था। जांच में पता चला कि मनरेगा शाखा में पदस्थ तकनीकी सहायक उदित्य यादव ने बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति और वित्तीय स्वीकृति के सोलर लाइट का प्रतिवेदन तैयार किया। यह कार्य मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत स्वीकृत नहीं था, जिससे भुगतान संकट और विभाग की छवि खराब होने की आशंका थी। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला पंचायत सीईओ ने उदित्य यादव को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
पंचायत सचिव निलंबित, सरपंच पर कार्रवाई
जिला पंचायत CEO टीसी अग्रवाल ने बताया कि ग्राम पंचायत अमोरा के पंचायत सचिव को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

सरपंच के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम को पत्र भेजा गया है। अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के अनधिकृत प्रस्ताव देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जिले की अन्य ग्राम पंचायतों से भी ऐसी अनियमितताओं की जानकारी मांगी जा रही है।
जिले में दलाली का खेल
जानकारों के अनुसार, जिले की करीब डेढ़ दर्जन ग्राम पंचायतों ने सोलर लाइट के प्रस्ताव दिए हैं। पूर्व सरकार के कार्यकाल में भी ग्राम पंचायतों में ऐसा खेल देखा गया था। ठेकेदारों के भागने की घटनाएं सामने आई थीं। ग्राम पंचायत तेंदुआ की तत्कालीन सरपंच को ऐसी अनियमितता में भुगतान का भारी नुकसान उठाना पड़ा था। वर्तमान में भी कुछ लोग ग्राम पंचायतों को मोहरा बनाकर दलाली का खेल खेल रहे हैं, जिसे रोकने की जरूरत है।
पारदर्शिता की कमी
ग्राम पंचायतों को योजनाओं की राशि का हिसाब सार्वजनिक करना होता है, लेकिन कई पंचायतें इसमें पारदर्शिता बरतने में विफल रही हैं। पंचायतों में पंचों की निगरानी के बावजूद ऐसी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। जिला पंचायत CEO ने चेतावनी दी है कि इस तरह के मामलों में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



