
Baloda Bazaar : नशे के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार
जिले के लवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़डीह में नशे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।

10 जनवरी की रात हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार यह घटना 10 जनवरी की है। ग्राम गढ़डीह में चार युवकों ने मिलकर एक युवक पर हमला किया। चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान, अस्पताल में मौत की पुष्टि
मृतक की पहचान चुम्पेश्वर के रूप में हुई है। गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल में मौत की पुष्टि के बाद परिजनों और ग्रामीणों में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
नशा करने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों और मृतक के बीच नशा करने को लेकर कहासुनी हुई थी। यह विवाद कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपी राहुल वर्मा ने चुम्पेश्वर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
वारदात के बाद आरोपी हुआ फरार
घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी राहुल वर्मा मौके से फरार हो गया था। लवन थाना पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम गठित कर की गई गिरफ्तारी
एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल वर्मा (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही उसे छिपाने और फरार होने में मदद करने के आरोप में दुलेश्वर प्रसाद निषाद उर्फ विजय (21 वर्ष), अमन कुमार चौहान (18 वर्ष) और थानेश्वर वर्मा उर्फ छोटे गुड्डू (22 वर्ष) को भी हिरासत में लिया गया।
आरोपियों ने किया अपराध स्वीकार
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले भी दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक नाबालिग शामिल है।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य पहलुओं पर भी नजर रखी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



