
SIR अभियान से रायपुर–बलौदाबाजार में 5 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के पहले चरण में बड़ा खुलासा हुआ है। इस प्रक्रिया के तहत रायपुर और बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्रों में 5 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक ये नाम फर्जी, डुप्लिकेट, स्थानांतरित या अप्रासंगिक पाए गए।

रायपुर सबसे ज्यादा प्रभावित
SIR अभियान के पहले चरण में सबसे अधिक असर राजधानी रायपुर में देखने को मिला। रायपुर जिले की सात विधानसभा सीटों से 5 लाख 11 हजार 136 नाम हटाए गए हैं। आयोग के आंकड़ों के अनुसार—
- 23,180 मतदाता लंबे समय से अनुपस्थित या अनट्रेसेबल पाए गए
- 3,87,330 मतदाता अपना निवास स्थान बदल चुके थे
- 14,311 नाम डुप्लिकेट पाए गए
- 2,313 नाम नियमों के अनुरूप नहीं थे
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें दावा-आपत्ति प्रक्रिया के तहत दोबारा नाम जुड़वाने का पूरा अवसर मिलेगा। इसके लिए 31 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
2023 विधानसभा चुनाव के बाद शुरू हुआ अभियान
यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को 100 प्रतिशत सटीक बनाना और फर्जी मतदान की संभावनाओं को खत्म करना है। पहले चरण में रायपुर, धमतरी, बिलासपुर सहित कुल 8 विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया।
सियासत गरम, विपक्ष ने साधा निशाना
SIR के तहत लाखों नाम कटने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी पूछा कि हटाए गए नामों में कितने रोहिंग्या और कितने बांग्लादेशी हैं।

आयोग का जवाब
चुनाव आयोग ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह अभियान पूरी तरह नियमों और कानून के तहत चलाया जा रहा है। आयोग का दावा है कि कोई भी वास्तविक और पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित नहीं होगा, और जिनके नाम गलती से हटे हैं, उन्हें हर स्तर पर अपील का अधिकार दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



