
नाम बदला, पहचान बदली! पीढ़ियों का कलंक मिटा, ‘चंडालपुर’ अब कहलाएगा ‘चंदनपुर’
कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के एक गांव के लिए आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वर्षों से ‘चंडालपुर’ नाम की शर्मिंदगी झेल रहे ग्रामीणों को आखिरकार नई पहचान मिल गई है। राज्य शासन द्वारा गांव का नाम बदलकर ‘चंदनपुर’ करने की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। आधिकारिक सूचना मिलते ही पूरा गांव जश्न में डूब गया।
शर्मिंदगी से सम्मान तक का सफर
ग्रामीणों के लिए ‘चंडालपुर’ नाम केवल एक पता नहीं, बल्कि एक मानसिक बोझ बन चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी वे बाहर किसी को अपने गांव का नाम बताते थे, तो उन्हें मजाक और उपहास का पात्र बनना पड़ता था। ग्रामीण बताते हैं कि बेटे-बेटियों के विवाह का रिश्ता लेकर जाने पर गांव का नाम बताने में उन्हें शर्म आती थी। कई बार नाम सुनते ही लोग गलत नजरिया बना लेते थे।

राजपत्र में प्रकाशन के बाद गूंजे ढोल-नगाड़े
जैसे ही राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशन की खबर गांव पहुंची, ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। ग्रामीणों ने इस फैसले को अपने आत्मसम्मान की जीत बताया है। अब गांव की नई पहचान ‘चंदनपुर’ होगी, जो न केवल सुनने में सुखद है बल्कि गांव के मान-सम्मान को भी बढ़ाएगा।
मंत्री विजय शर्मा का जताया आभार
ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक बदलाव के लिए क्षेत्र के विधायक और कैबिनेट मंत्री विजय शर्मा के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने लंबे समय से चली आ रही इस भावनात्मक मांग को गंभीरता से लिया और शासन स्तर पर पैरवी कर इसे पूरा कराया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



