
नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 2 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
भिलाई नगर पुलिस व ACCU की संयुक्त कार्रवाई, 1.70 लाख की सामग्री जब्त
दुर्ग। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना भिलाई नगर पुलिस और ACCU टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को 2 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की नकदी, स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 1 लाख 70 हजार 800 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 9 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्रीराम चौक, हुडको भिलाई नगर क्षेत्र में एक युवक काले रंग के बैग में गांजा रखकर स्कूटी से बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना भिलाई नगर और ACCU टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।

तलाशी में मिला गांजा
पुलिस ने संदिग्ध युवक को रोककर विधिवत तलाशी ली। उसके बैग से 2 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ दीक्षित (21 वर्ष), निवासी कोहका, जिला दुर्ग बताया।
मौके पर गांजा का वजन करने के बाद पुलिस ने 10,800 रुपये नगद, परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 20(बी) और 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। तस्करी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



