
कार सवार बदमाशों ने युवक का अगवा कर बेरहमी से हत्या: पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह
मुंगेली/बिलासपुर। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में कार सवार आधा दर्जन बदमाशों ने एक 21 वर्षीय युवक का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राजकुमार धुरी (21 वर्ष), निवासी बरेला गांव (तखतपुर के निकट) के रूप में हुई है। वह बिलासपुर के टिकरापारा में ट्रैक्टर चालक का काम करता था।
बैंक से लौटते समय हुआ अपहरण
घटना 26 दिसंबर की दोपहर करीब 3 बजे की है। राजकुमार पंजाब नेशनल बैंक, बरेला शाखा में पैसा जमा करने गया था। बैंक से बाहर निकलते ही कार सवार बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठाया और ले गए। अपहरण की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत जरहागांव थाने में शिकायत की। पुलिस ने अपहरण का एफआईआर दर्ज किया, लेकिन तलाशी अभियान शुरू नहीं किया और परिजनों को वापस भेज दिया।

गंभीर हालत में घर के बाहर फेंका शव
शाम करीब 6 बजे बदमाशों ने राजकुमार को बुरी तरह घायल अवस्था में घर के बाहर फेंक दिया और फरार हो गए। उसके शरीर पर लाठी-डंडों से हमले के गहरे निशान थे। वह दर्द से कराह रहा था। परिजन उसे तुरंत तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पर गंभीर आरोप: समय पर कार्रवाई होती तो बच जाती जान
परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट पर तुरंत कार्रवाई की और बदमाशों की तलाश शुरू की होती, तो राजकुमार की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस की लापरवाही से यह हत्या हुई। परिजन सदमे और आक्रोश में हैं।
पुरानी रंजिश बताई जा रही हत्या की वजह
प्राथमिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तखतपुर पुलिस ने अपहरण का मामला हत्या में तब्दील कर मर्ग कायम किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बदमाशों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



