
मुंगेली: स्वास्थ्य विभाग का अकाउंटेंट 54,000 रुपये की रिश्वत लेते ACB के हत्थे चढ़ा
मुंगेली | छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने स्वास्थ्य विभाग के अकाउंटेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बृजेश सोनवानी ने सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक से gratuity और अन्य लाभ दिलाने के एवज में 61,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB ने तखतपुर के एक ढाबे पर 54,000 रुपये लेते हुए उसे धर दबोचा।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
ACB बिलासपुर के अनुसार, शिकायतकर्ता ललित सोनवानी, ग्राम फंदवानी निवासी, 30 जून 2025 को स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएमओ कार्यालय मुंगेली में पदस्थ अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी ने उनके सेवानिवृत्ति लाभ और ग्रेच्युटी की प्रक्रिया को तेज करने के लिए 61,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत की जांच में पुष्टि हुई कि बृजेश ने पहले ही 7,000 रुपये ले लिए थे। इसके बाद ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई और ललित को शेष 54,000 रुपये के साथ आरोपी के पास भेजा।

ढाबे पर रंगे हाथों गिरफ्तार
ACB की टीम ने तखतपुर स्थित रियांश होटल के पास एक ढाबे पर निगरानी रखी। जैसे ही बृजेश सोनवानी ने 54,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सात महीनों में छठवीं कार्रवाई
ACB के अनुसार, मुंगेली जिले में पिछले सात महीनों में यह छठवीं बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले शिक्षा, राजस्व, पुलिस और बिजली विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वतखोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। ACB की इस सक्रियता से भ्रष्टाचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
जांच जारी
ACB की टीम मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में बृजेश सोनवानी की रिश्वत मांगने की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयां भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में प्रभावी साबित हो रही हैं।
👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



