
Mungeli: पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने कुल्हाड़ी से की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
लोरमी के पास गंगद्वारी गांव में हुई वारदात
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी से सटे पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गंगद्वारी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति की सोते समय कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पत्नी ने लगाई थी चोरी की झूठी कहानी
मामला 24 जनवरी का है, जब 26 वर्षीय रूजेश्वरी राजपूत ने पथरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके पति आजूराम राजपूत की हत्या कर दी। पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पंचनामा किया गया और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून लगी मिट्टी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

दूसरी शादी के बाद लगातार होते थे विवाद
पूछताछ और पड़ोसियों से मिली जानकारी से पता चला कि मृतक आजूराम राजपूत ने दूसरी शादी कर रूजेश्वरी को घर लाया था। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने रूजेश्वरी को हिरासत में लिया और महिला अधिकारी से गहन पूछताछ की।

बाथरूम में जलन और पुरानी नाराजगी बनी वजह
पूछताछ में रूजेश्वरी ने कबूल किया कि वह पति द्वारा लगातार प्रताड़ित होने से परेशान थी। उसका स्वास्थ्य भी खराब रहता था। घटना की रात 23 जनवरी को आजूराम खाना खाकर निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास में गया और रात 12 बजे घर लौटकर सो गया। रात करीब 3 बजे रूजेश्वरी बाथरूम जाने उठी। बाथरूम में जलन महसूस होने और पुराने झगड़ों की वजह से वह अचानक क्रोधित हो गई। उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से सोते हुए पति के सिर, चेहरे, गले, सीने और पेट पर कई-कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
साक्ष्य जब्त, आरोपी जेल में
हत्या के बाद रूजेश्वरी ने पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़ी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खून से सनी साड़ी और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी गवाहों के सामने जब्त की। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रूजेश्वरी राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



