
मुंगेली में युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप
मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खेत के पास युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

लालपुर मेले के लिए निकला था युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक लालपुर मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में उसका शव लोरमी क्षेत्र में मिला, जबकि कुछ दूरी पर उसकी बाइक लावारिस हालत में पड़ी हुई मिली।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान लोरमी के चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुमरहा निवासी 45 वर्षीय कोमल बंजारा के रूप में की है। शव मिलने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।

शव पर मिले चोट के निशान, मामला संदिग्ध
पुलिस के अनुसार मृतक के हाथ की उंगली में चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा एक पैर का जूता अलग पड़ा हुआ था और कपड़े अस्त-व्यस्त स्थिति में थे। इन हालातों को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



