
Mumbai में बम धमकी देने वाला व्यक्ति Noida से गिरफ्तार, धमकी भरे संदेश में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का नाम
मुंबई पुलिस ने 5 सितंबर को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा संदेश मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए नोएडा से आरोपी अश्विन कुमार सुप्रा (50) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने धमकी दी थी कि मुंबई में 34 वाहनों में 400 किलो RDX रखा गया है जिससे बड़े पैमाने पर विस्फोट किए जाएंगे। इस धमकी में 14 पाकिस्तानी आतंकवादियों का भी जिक्र था जो मुंबई में आ चुके हैं।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
अश्विन कुमार सुप्रा बिहार के पाटलिपुत्र का निवासी है और पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा था। वह पेशे से ज्योतिषी बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने नोएडा पुलिस के सहयोग से सेक्टर 113 नोएडा से आरोपी को गिरफ्तार कर मुंबई लाया। उसके कब्जे से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं जिनसे वह धमकी संदेश भेज रहा था।
धमकी का विवरण
धमकी संदेश में दावा किया गया कि शहर में 34 मानव बम हैं जो 1 करोड़ लोगों को मारने में सक्षम हैं। आरोपी ने खुद को ‘लश्कर-ए-जिहादी’ से जुड़ा बताया था। मुंबई पुलिस ने इसके बाद शहर में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
धमकी के पीछे की सच्चाई
जांच के दौरान पता चला कि अश्विन ने धमकी ‘फिरोज’ नाम के दोस्त के नाम से भेजी थी। ‘फिरोज’ के साथ आर्थिक विवाद के चलते अश्विन ने यह धमकी दी ताकि पुलिस जांच भटकाए और बदला ले सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुंबई में सुरक्षा बढ़ाई गई
गणेश विसर्जन के दौरान इस धमकी ने शहर में दहशत मचा दी थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए थे। ड्रोन, AI निगरानी, और हजारों पुलिस कर्मियों के माध्यम से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई।

पुलिस की अपील
मुंबई पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



