
मुंबई में अमित बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज, भगवान झूलेलाल, महाराजा अग्रसेन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
मुंबई/रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज की गई है। उनपर भगवान झूलेलाल, महाराजा अग्रसेन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। सिंधी और अग्रवाल समाज ने उनके बयानों का कड़ा विरोध किया है, जबकि छत्तीसगढ़ के कई जिलों में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।


उल्हासनगर में कैलाश महेश सुखरामानी ने दर्ज कराई शिकायत
महाराष्ट्र के उल्हासनगर निवासी कैलाश महेश सुखरामानी ने उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि अमित बघेल ने भगवान झूलेलाल (सिंधी समाज के आराध्य), महाराजा अग्रसेन (अग्रवाल समाज के प्रतीक) और पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे दोनों समुदायों की भावनाएं आहत हुईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ महतारी मूर्ति विवाद से शुरू हुआ बवाल
विवाद की जड़ रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ है। इसके जवाब में अमित बघेल ने कथित तौर पर कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और महाराजा अग्रसेन की मूर्तियां क्यों नहीं टूटतीं या उन पर क्यों नहीं मुता जाता। उन्होंने सिंधी समाज के भगवान झूलेलाल को ‘मछली वाला भगवान’ कहकर अपमानित किया। इन बयानों से सिंधी और अग्रवाल समाज में भारी रोष है।
छत्तीसगढ़ में कई जिलों में एफआईआर और प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ में रायपुर, सरगुजा, महासमुंद, सरायपाली सहित कई जिलों में अमित बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। अग्रवाल समाज ने थानों का घेराव किया और ज्ञापन सौंपे। सिंधी समाज ने भी रायपुर में बैठक कर शिकायत दर्ज करने का फैसला लिया। भोपाल में भी दोनों समुदायों ने प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की।
समाजों का रोष, माफी और कार्रवाई की मांग
सिंधी पंचायत और अग्रवाल सभा ने बघेल के बयानों को धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया। सोशल मीडिया पर #ArrestAmitBaghel और #JusticeForSindhis जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं। समाज के लोग माफी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बघेल ने कहा कि उनकी गर्दन कट जाएगी, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



