
मुख्यमंत्री के OSD का नाम लेकर धमकी देने का मामला दर्ज
अज्ञात कॉलर ने असिस्टेंट प्रोफेसर को फोन पर डराया, सिविल लाइन थाने में शिकायत
रायपुर। राजधानी रायपुर के शिवानंद नगर स्थित जगन्नाथ निवास, ब्लॉक नंबर 20 सेक्टर–03 में रहने वाले आंजनेय यूनिवर्सिटी नरदहा के असिस्टेंट प्रोफेसर चिंतामणी पंडा ने थाना सिविल लाइन में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल कर खुद को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के ओएसडी रवि मिश्रा का प्रतिनिधि बताकर उन्हें धमकाने की कोशिश की।

फोन कॉल के जरिए दी गई धमकी
शिकायत के अनुसार, यह घटना 15 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 3:20 बजे लोधीपारा चौक के पास उस समय हुई, जब अज्ञात व्यक्ति ने चिंतामणी पंडा को कॉल किया। कॉल करने वाले ने कहा कि यदि वे अपनी पत्नी से सुलह नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ की गई शिकायतें उच्च अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन तक भेज दी जाएंगी।
पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि चिंतामणी पंडा और उनकी पत्नी डिंपल पंडा के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके चलते दोनों 12 दिसंबर 2025 से अलग रह रहे हैं। इसी विवाद को आधार बनाकर कॉलर द्वारा दबाव बनाने और धमकी देने की बात कही गई है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल्स खंगालने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि फोन करने वाला व्यक्ति कौन था और उसका उद्देश्य क्या था। जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



