
Raigarh : MSP स्पंज आयरन प्लांट में हादसा, कन्वेयर बेल्ट में हाथ फंसने से मजदूर की मौत
हादसे में मजदूर की मौत
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित MSP स्पंज आयरन प्लांट में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम कर रहे मजदूर लक्ष्मण साहू (40 वर्ष) की कन्वेयर बेल्ट में हाथ फंसने से मौत हो गई। गंभीर चोट लगने और अत्याधिक खून बहने के कारण मौके पर ही उसकी जान चली गई। यह घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है।

जांजगीर-चांपा का निवासी था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार मृतक लक्ष्मण साहू जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से अपने अन्य साथियों के साथ जामगांव स्थित इस प्लांट में काम कर रहा था। मजदूरों ने बताया कि लक्ष्मण रोज की तरह सोमवार सुबह भी काम पर आया था।
काम के दौरान हुआ हादसा
सुबह लगभग 11 बजे लक्ष्मण साहू प्लांट के भीतर कन्वेयर बेल्ट के पास काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन की बेल्ट में फंस गया। बेल्ट की तेज रफ्तार और भारी दबाव के कारण उसका हाथ बुरी तरह कुचल गया और काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। चक्रधर नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में यह हादसा लापरवाही या सुरक्षा उपकरणों की कमी के कारण हुआ माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



