
मिशनरी स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा ने हॉस्टल में की आत्महत्या, सुसाइड नोट में प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप
जशपुर। जिले में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मिशनरी स्कूल में पढ़ने वाली 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने हॉस्टल के स्टडी रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा बैड टच और प्रिंसिपल की कथित छेड़छाड़ से परेशान थी।
स्टडी रूम में फांसी लगाकर दी जान, मौके से मिला सुसाइड नोट
बगीचा थाना क्षेत्र में स्थित मिशनरी स्कूल के छात्रावास में रहने वाली छात्रा ने सुबह स्टडी रूम में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्रा ने अपनी पीड़ा और प्रिंसिपल द्वारा की गई कथित छेड़छाड़ का उल्लेख किया है।

बिना परमिशन संचालित हो रहा था छात्रावास
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि जिस छात्रावास में छात्रा रह रही थी, वह बिना किसी मान्यता या आवश्यक अनुमति के संचालित किया जा रहा था। पुलिस और जिला प्रशासन अब हॉस्टल के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट, स्कूल स्टाफ के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रिंसिपल पर लगे आरोपों की जांच भी प्राथमिकता से की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



