
चलती गाड़ी रोककर छेड़छाड़ और लूट, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना सनावल क्षेत्र में छेड़छाड़, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना 23 दिसंबर 2025 की शाम की बताई जा रही है। पीड़िता द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, वह अपने साथियों के साथ ग्राम त्रिशूली में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान ग्राम मदरू टोला के पास मोटरसाइकिल सवार युवकों ने वाहन को रोकने की कोशिश की। जब चालक ने वाहन नहीं रोका, तो आरोपियों ने पीछा कर जबरन गाड़ी रुकवाई।
छेड़छाड़, मारपीट और लूट की वारदात
आरोप है कि वाहन रुकते ही आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वाहन में सवार लोगों के साथ बदसलूकी की गई। पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की गई और रंजू सिंह के गले से सोने की चैन लूट ली गई। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और वाहनों में तोड़फोड़ की।
जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना सनावल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के आधार पर कृष्णा यादव, रवि यादव और दिनेश यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया है। सोने की चैन की तलाश जारी है। थाना प्रभारी के अनुसार, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



