
Raipur : छालीवुड निर्देशक मोहित साहू पर गर्लफ्रेंड से बेरहमी से मारपीट का आरोप
छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री (छालीवुड) के चर्चित फिल्म निर्माता व निर्देशक मोहित साहू पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। यह मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट के ब्लॉक-410 का बताया जा रहा है।

शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि मोहित साहू ने उसे शादी का झांसा देकर उज्जैन ले जाकर विवाह किया था, लेकिन बाद में दूसरी शादी करने की बात कहकर उससे मुकर गया। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की।
सिर और शरीर पर गंभीर चोटें
मारपीट के दौरान युवती के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वह लहूलुहान हालत में पुरानी बस्ती थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

फ्लैट में मिले खून के निशान, टूटी कुंडी
पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के अंदर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
वायरल वीडियो से बढ़ी मामले की गंभीरता
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती के सिर से खून बहता साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो देखकर आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है।

सुरक्षा गार्ड के सामने आरोपी ने मांगी माफी
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कॉलोनी के सिक्योरिटी गार्ड और स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि स्थिति बिगड़ती देख मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी मांगी, ताकि मामला बाहर न जाए।
मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजी गई पीड़िता
मारपीट के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस जांच जारी, आरोपी का बयान नहीं
पुरानी बस्ती पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फिल्म निर्माता मोहित साहू की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



