
मोबाइल प्री-बुकिंग के नाम पर 16 लाख की ठगी, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
शहर में मोबाइल फोन की प्री-बुकिंग पर भारी छूट देने का लालच देकर करीब 16 लाख रुपये की ठगी (Big Fraud) का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कान्हा मोबाइल के संचालक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रियल एस्टेट कारोबारी से हुई थी पहचान
अंबिकापुर निवासी अर्पित अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान आदित्य गुप्ता से हुई थी, जो रियल एस्टेट का काम करता है। आदित्य ने उसे स्टॉक मार्केट में निवेश का प्रस्ताव दिया और दोनों के बीच लाभ-हानि की साझेदारी तय हुई।
बड़े कारोबारी बताकर कराई पहचान
अक्टूबर 2025 में आदित्य गुप्ता ने अर्पित की मुलाकात आयुष सिंह राजपूत से कराई। आदित्य ने आयुष को बड़ा कारोबारी बताते हुए कान्हा मोबाइल से जुड़ा व्यक्ति बताया। आरोप है कि आयुष सिंह ने वीवो कंपनी के फ्लैगशिप मोबाइल की प्री-बुकिंग पर भारी छूट का लालच देकर क्रेडिट कार्ड से भुगतान करवाया।
कई किस्तों में कराए गए लाखों के ट्रांजेक्शन
पीड़ित के अनुसार,
•12 नवंबर 2025 को कान्हा मोबाइल दुकान में पहला ट्रांजेक्शन किया गया।
•25 और 28 नवंबर को करीब 5 लाख रुपये,
•10 दिसंबर को 2 लाख रुपये,
•12 दिसंबर को 5 लाख रुपये,
•17-18 दिसंबर को 2.80 लाख रुपये और
•66 हजार रुपये के कई अन्य ट्रांजेक्शन कराए गए।
इस तरह कुल राशि लगभग 16 लाख रुपये हो गई।
मोबाइल नहीं मिले, रिफंड का झांसा
जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में मोबाइल डिलीवरी की बात कही गई, लेकिन फोन नहीं मिले। मानसिक रूप से परेशान होकर अर्पित 26 दिसंबर को ईशा फाउंडेशन आश्रम, कोयम्बटूर चला गया। वहां रहते हुए आरोपी ने फोन पर बताया कि डिलीवरी कैंसिल हो गई है और पूरा पैसा रिफंड कर दिया जाएगा।
दुकान संचालक ने किया चौंकाने वाला खुलासा
अंबिकापुर लौटने के बाद अर्पित ने कान्हा मोबाइल के संचालक आयुष अग्रवाल से मुलाकात की। इस पर आयुष अग्रवाल ने कहा कि ट्रांजेक्शन मोबाइल खरीद-फरोख्त के लिए नहीं थे, बल्कि आयुष सिंह द्वारा नकद राशि लेने के लिए करवाए गए थे।
सीसीटीवी में दर्ज है नकद भुगतान
आयुष अग्रवाल ने बताया कि ट्रांजेक्शन के आधे से एक घंटे के भीतर उसने कमीशन काटकर लगभग 16 लाख रुपये नकद आयुष सिंह को दे दिए थे। यह पूरा लेन-देन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है।

पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और धोखाधड़ी के इस बड़े फ्रॉड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



