
चलता-फिरता’ शराब दुकान बंद! बाइक से शराब बेचता आरोपी गिरफ्तार
धमतरी/मगरलोड: धमतरी जिले में अवैध नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मगरलोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बाइक पर घूम-घूमकर अवैध शराब बेचने वाले एक शातिर कोचिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में मांग के अनुसार शराब की सप्लाई कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार गश्त की जा रही है। इसी दौरान मगरलोड पुलिस की देहात पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि ग्राम खैरझिटी निवासी एक व्यक्ति अपनी पुरानी मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री के लिए निकला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की।

39 पौव्वा शराब और बाइक जब्त
पुलिस ने घेराबंदी कर सीटी-100 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 LQ 2780) को रोका। जांच करने पर गाड़ी पर लदी एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई:
- देशी प्लेन शराब: 39 पौव्वा (प्रत्येक 180 एमएल)।
- कुल मात्रा: 7.020 लीटर।
- जप्त मशरूका: शराब, बिक्री की रकम (680/- रुपये) और पुरानी बाइक सहित कुल 18,800/- रुपये का सामान जब्त किया गया।
आरोपी का विवरण और कानूनी कार्रवाई
पकड़े गए आरोपी की पहचान लोकनाथ साहू (55 वर्ष), पिता स्व. हिरालाल साहू, निवासी ग्राम खैरझिटी के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना मगरलोड में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



