
बदमाशों ने बीच रास्ते में रोकी SECL कर्मचारियों की बस, अंदर घुसकर कर्मचारी को बेरहमी से पीटा
सूरजपुर | छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दिनदहाड़े गुंडागर्दी और दहशत का मामला सामने आया है। एसईसीएल (SECL) की आमगांव खदान से ड्यूटी कर लौट रहे कर्मचारियों की बस को बदमाशों ने बीच रास्ते में रोककर जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने न केवल बस चालक के साथ बदसलूकी की, बल्कि बस के भीतर घुसकर एक कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई भी कर दी।
गाली-गलौज के बाद बस में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, SECL कर्मचारियों को लेकर बस रोजाना की तरह ड्यूटी के बाद लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने बस को रुकवा लिया। चश्मदीदों के अनुसार, आरोपियों ने सबसे पहले बस चालक को निशाना बनाया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो बदमाश बस के अंदर दाखिल हो गए और वहां मौजूद एक कर्मचारी के साथ मारपीट की।

कर्मचारियों में भारी आक्रोश
इस अचानक हुए हमले से बस में सवार कर्मचारी सहम गए। घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी से लौटते वक्त इस तरह की असुरक्षा उनके मनोबल को प्रभावित करती है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



