
दुर्ग में मामूली विवाद ने ली जान: दातून तोड़ने की बात पर महिला ने अधेड़ को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम बोरिद में सोमवार सुबह दातून तोड़ने की मामूली बात पर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामूली विवाद पर हत्या
मामले की जानकारी के अनुसार, रूपराम बघेल (68) निवासी ग्राम बोरिद ने थाना रानीतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी राधाबाई बघेल (52) की गांव की ही महिला हेमा भारती (27) द्वारा हत्या कर दी गई है। बताया गया कि 3 नवंबर की सुबह लगभग 8 से 9 बजे के बीच दातून तोड़ने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी महिला ने राधाबाई की लात-घूंसों और मुक्कों से पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रानीतराई थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया। घटना स्थल पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की सहायता से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। गवाहों और आरोपी से पूछताछ, साथ ही शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि राधाबाई की मौत आरोपी हेमा भारती द्वारा की गई मारपीट के कारण हुई।

आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी हेमा भारती पति पारस भारती (उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम बोरिद) को 4 नवंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



