
मेडिकल कॉलेज मान्यता घोटाला: ईडी की देशभर में 15 ठिकानों पर दबिश, रावतपुरा सरकार संस्थान भी जांच के घेरे में
रायपुर। मेडिकल कॉलेजों की मान्यता के लिए कथित रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को देशभर में बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कुल 15 स्थानों पर छापे मारे।
छापेमारी की सीधी जद में रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च सेंटर और संस्थान के डायरेक्टर अतुल तिवारी के ठिकाने भी आए। कार्रवाई सुबह से शुरू होकर कई घंटे तक जारी रही।

NMC अधिकारियों पर रिश्वत के आरोप
ईडी की यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा 30 जून 2024 को दर्ज एफआईआर के आधार पर की जा रही है। आरोप है कि—
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के कुछ अधिकारियों, बिचौलियों और मेडिकल कॉलेजों से जुड़े पदाधिकारियों ने मिलकर कथित रूप से अवैध लेन-देन किया। सीबीआई के अनुसार, निरीक्षण से जुड़ी गोपनीय जानकारी बिचौलियों को लीक की गई, जिससे कॉलेजों को अकादमिक कोर्स चलाने की मंजूरी देने के लिए निरीक्षण मानकों में हेरफेर की गई।
सात मेडिकल कॉलेज भी रडार पर
ईडी ने रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ देशभर के 7 मेडिकल कॉलेजों और एफआईआर में नामजद निजी व्यक्तियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली। जांच एजेंसी कथित लेन-देन से जुड़े सबूत, डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज़ और वित्तीय ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।

आगे क्या?
ईडी अब तक बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कुछ अधिकारियों और कॉलेज संचालकों से पूछताछ भी संभव है। माना जा रहा है कि यह मामला मेडिकल कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा कर सकता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



