
Durg : मेडिकल स्टोर व ओपीडी खुलवाने के नाम पर 26 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर और एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी खुलवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। टस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों व प्रतिनिधियों ने आकर्षक मुनाफे का लालच देकर पीड़ित से करीब 26 लाख रुपये की ठगी की।

हर सुविधा का दिया गया था भरोसा
प्रार्थी राहुल परिहार (40 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने फ्रेंचाइजी देने के बदले मेडिकल स्टोर का इंटीरियर, ब्रांड प्रमोशन, एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी, पैथोलॉजी सुविधा, दवाइयों का स्टॉक, स्टाफ और वेतन तक कंपनी द्वारा वहन करने का आश्वासन दिया था। साथ ही हर महीने 1 से 2 लाख रुपये के मुनाफे का दावा किया गया।
फोन-पे और आरटीजीएस से किया गया भुगतान
इन झूठे वादों में आकर राहुल परिहार ने 28 अक्टूबर 2024 को विभिन्न मदों में कुल 25,93,400 रुपये फोन-पे और आरटीजीएस के माध्यम से कंपनी को ट्रांसफर किए। लेकिन भुगतान के बाद न तो वादा की गई सुविधाएं दी गईं और न ही पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध कराया गया।
ई-मेल का भी नहीं मिला जवाब
पीड़ित द्वारा जब कंपनी को ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया गया तो किसी भी प्रतिनिधि ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर पीड़ित ने थाना मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी रवि पांडे (26 वर्ष) निवासी सरोजिनी नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



